{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारत तैयार, LPG डिलीवरी 99% तक पहुंची

 

New Delhi : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर साफ दिखाई देने लगा है। इसी बीच केंद्र सरकार ने खुलासा किया है कि देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में तेजी आई है। हालात को देखते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और डिलीवरी सिस्टम को भी मजबूत किया गया है।

99% तक पहुंची घरेलू गैस डिलीवरी

सरकार के अनुसार, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी दर बढ़ाकर लगभग 99 प्रतिशत कर दी गई है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना न करना पड़े।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित डिलीवरी में तेजी आई है। यह कोड उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है, जिससे सिलेंडर की सुरक्षित और सही डिलीवरी सुनिश्चित होती है। इस व्यवस्था के चलते कुल डिलीवरी में करीब 92 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है।

रविवार को भी काम कर रहे डिस्ट्रीब्यूटर

सरकार ने बताया कि कई एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर अब रविवार को भी काम कर रहे हैं, ताकि घरेलू गैस की सप्लाई में किसी तरह की बाधा न आए।

मंत्रालय के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी आवंटन को प्री-क्राइसिस स्तर के करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। 23 मार्च 2026 से अब तक 5 किलो वाले 18.45 लाख से ज्यादा फ्री ट्रेड सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। इसके अलावा, Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation Limited और Hindustan Petroleum Corporation Limited के अधिकारियों की एक समिति राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एलपीजी वितरण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

PNG कनेक्शन की मांग भी बढ़ी

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 से अब तक 4.93 लाख से ज्यादा पीएनजी कनेक्शनों का गैसीकरण किया जा चुका है, जबकि 5.51 लाख से अधिक लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।

इसके साथ ही, 19 अप्रैल तक करीब 39,200 उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in के जरिए अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर पीएनजी को अपनाया है।

ऊर्जा आपूर्ति पर नजर

सरकार का कहना है कि वैश्विक हालात के बावजूद देश में गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आम जनता और उद्योगों को किसी तरह की परेशानी न हो।