{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती हैं लड़कियां: उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति का विवादित बयान

 

देहरादून I उत्तराखंड की भाजपा सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू एक विवादित बयान देकर सुर्खियों में आ गए हैं। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान साहू ने कहा कि "बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं। कुंवारों के लिए बिहार से लड़कियां लेकर आएंगे। मेरे साथ आइए, शादी करवा दूंगा।"

यह बयान 23 दिसंबर को दिए गए एक संबोधन का हिस्सा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साहू कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए एक युवा की शादी न होने पर तंज कसते नजर आ रहे हैं और बिहार से लड़की लाने की बात कहते हैं।

विपक्ष का तीव्र विरोध

आरजेडी ने बयान को बिहार की महिलाओं का घोर अपमान बताया। पार्टी ने वीडियो शेयर कर लिखा कि भाजपाइयों और संघियों की बिहार की महिलाओं के प्रति घृणित सोच सामने आ गई है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि बिहार भाजपा और जद(यू) नेताओं की चुप्पी इस सोच का मौन समर्थन है।

कांग्रेस ने भी हमला बोला। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल ने इसे भाजपा की महिलाओं विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र कर सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाया और भाजपा से स्पष्ट रुख अपनाने तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उत्तराखंड में महिला कांग्रेस ने मंत्री रेखा आर्य के आवास का घेराव करने की घोषणा की है।

सत्ताधारी खेमे की प्रतिक्रिया

भाजपा और जद(यू) ने भी बयान की निंदा की है। बिहार भाजपा ने इसे फूहड़ बताया और माफी की मांग की। जद(यू) प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि महिलाओं का अपमान अस्वीकार्य है, हम इसकी कठोर निंदा करते हैं।

गिरधारी लाल साहू की सफाई

विवाद बढ़ने पर साहू ने वीडियो जारी कर सफाई दी कि उनका बयान तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और जबान फिसल गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर उनकी पत्नी की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।