CM विजय की लंदन यात्रा पर क्यों मचा बवाल? उदयनिधि बोले- ऐसा ‘असभ्य’ मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा
CM Vijay London Visit: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख विजय की चार दिवसीय लंदन यात्रा को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने सवाल उठाया है कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा वास्तव में तमिलनाडु में निवेश लाने के लिए है या इसका कोई दूसरा उद्देश्य है। सिल्वरस्टोन रेसिंग सर्किट की तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है।
विजय इन दिनों लंदन दौरे पर हैं। इस दौरान उनके कारोबार जगत के लोगों से मुलाकात करने और तमिलनाडु में निवेश के अवसर तलाशने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, सिल्वरस्टोन सर्किट में उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद AIADMK और BJP ने यात्रा के उद्देश्य को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
सिल्वरस्टोन की तस्वीरों से बढ़ा विवाद
विवाद तब तेज हुआ जब सोशल मीडिया पर विजय की सिल्वरस्टोन रेसिंग सर्किट की तस्वीरें सामने आईं। यहां वह अभिनेता अजित कुमार से जुड़े Le Mans Cup कार्यक्रम में नजर आए। तस्वीरों में अभिनेत्री त्रिशा के साथ भी उनकी मौजूदगी सामने आई। इसके बाद विपक्ष ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की चार दिवसीय विदेश यात्रा का मुख्य उद्देश्य निवेश जुटाना है या कुछ और।
AIADMK महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने कहा कि उन्होंने पद संभालने के शुरुआती 100 दिनों के भीतर विजय के विदेश दौरे का पहले स्वागत किया था। उनका कहना था कि अगर इस यात्रा से तमिलनाडु में निवेश आता है, विकास को गति मिलती है और रोजगार पैदा होते हैं तो यह अच्छी बात है।
लेकिन सिल्वरस्टोन की तस्वीरें सामने आने के बाद पलानीस्वामी ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री इस तरह निवेश कैसे ला रहे हैं।
BJP ने भी मांगा यात्रा का हिसाब
तमिलनाडु BJP अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने भी विजय की लंदन यात्रा को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि यह दौरा आधिकारिक है या निजी? मुख्यमंत्री के साथ कौन-कौन लोग लंदन गए हैं और इस यात्रा पर सरकारी धन का इस्तेमाल हुआ है या नहीं?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि चार दिन की यात्रा में विजय ने कितनी कंपनियों या कारोबारियों से मुलाकात की और तमिलनाडु के लिए कितने निवेश की ठोस प्रतिबद्धता सामने आई है। नागेंद्रन ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री निवेश लाने के लिए लंदन गए हैं तो उन्हें वापस लौटने के बाद अपनी मुलाकातों और संभावित निवेश का पूरा विवरण देना चाहिए।
उदयनिधि स्टालिन ने विजय पर बोला हमला
विजय की लंदन यात्रा को लेकर DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने भी मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में बिजली कटौती, बिजली की कमी और कानून-व्यवस्था जैसे कई मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर जवाब देने के बजाय विपक्ष और उसके नेताओं पर बयानबाजी कर रही है।
उदयनिधि ने विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि तमिलनाडु के इतिहास में उन्होंने इतना “असभ्य” और “डमी” मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री इन मुद्दों पर सवालों का जवाब देने में सक्षम नहीं हैं और उनकी सरकार विपक्ष तथा उसके नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रही है।
विजय की ओर से अभी कोई जवाब नहीं
विपक्ष के लगातार हमलों के बावजूद मुख्यमंत्री विजय या उनकी पार्टी TVK की ओर से लंदन यात्रा को लेकर उठाए गए इन सवालों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह विवाद सिर्फ विजय के विदेश दौरे तक सीमित नहीं है, बल्कि तमिलनाडु की सियासत में सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ती राजनीतिक तनातनी का नया मुद्दा बन गया है।