{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वायरल PDF ने उड़ाए होश: ‘देश में लॉकडाउन’ का दावा निकला April Fool prank

 

New Delhi : सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘WAR LOCKDOWN NOTICE’ नाम का एक पीडीएफ तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि युद्ध की स्थिति के कारण देश में लॉकडाउन लगाया जा रहा है। हालांकि जांच में यह दावा पूरी तरह भ्रामक और मजाक साबित हुआ है।

वायरल डॉक्यूमेंट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि वह किसी सरकारी आदेश जैसा लगे। इसमें अशोक चक्र का चिन्ह और इमरजेंसी नोटिस जैसा लेआउट इस्तेमाल किया गया था, जिससे कई लोग इसे असली सरकारी चेतावनी समझ बैठे और बिना जांच किए आगे शेयर करने लगे।

वायरल नोटिस में क्या लिखा था?

सोशल मीडिया पर फैल रहे इस पीडीएफ में कहा गया था कि युद्ध से जुड़ी स्थिति के कारण लॉकडाउन लागू किया गया है और लोगों को तुरंत सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पहली नजर में यह दस्तावेज काफी विश्वसनीय लग रहा था, जिसके कारण कई यूजर्स घबरा गए।

खुलते ही सामने आया सच

हालांकि जब लोगों ने इस पीडीएफ को पूरी तरह खोला तो सच्चाई कुछ और ही निकली। इसमें किसी भी सरकारी आदेश की बजाय केवल एक ‘अप्रैल फूल’ का संदेश और इमोजी मौजूद था। इससे साफ हो गया कि यह सिर्फ मजाक के तौर पर बनाया गया पोस्ट था।

सरकार ने नहीं किया कोई ऐलान

सरकारी सूत्रों के अनुसार देश में युद्ध से जुड़े किसी भी तरह के लॉकडाउन को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। सरकार पहले भी साफ कर चुकी है कि इस तरह के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा रहा है।

1 अप्रैल की वजह से फैली अफवाह

दरअसल यह पोस्ट April Fools' Day के दिन शेयर किया गया था, जब सोशल मीडिया पर अक्सर मजाक या भ्रामक पोस्ट वायरल हो जाती हैं। इसी कारण कई लोग इसे असली नोटिस समझ बैठे।

अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि इस घटना से यह साफ होता है कि भ्रामक पोस्ट किस तरह लोगों में डर फैलाकर तेजी से वायरल हो सकती हैं। इसलिए यूजर्स को सलाह दी जाती है कि किसी भी संदेश को आगे भेजने से पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से जरूर कर लें।

फिलहाल वायरल हो रहा यह पोस्ट सिर्फ मजाक है और देश में किसी तरह का लॉकडाउन लागू नहीं किया गया है।