{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा फिर पहुंचे प्रेमानंद महाराज के चरणों में, आशीर्वाद लेकर हुए भावुक
 

 

वृंदावन I भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक शांति की तलाश में वृंदावन पहुंचे। दोनों ने श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। यह 2025 में इस जोड़े की तीसरी वृंदावन यात्रा है। इससे पहले जनवरी और मई में भी वे महाराज जी से मिल चुके हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विराट और अनुष्का सादगी भरे अंदाज में महाराज जी के सामने हाथ जोड़े बैठे नजर आ रहे हैं। गले में तुलसी की माला और माथे पर तिलक लगाए दोनों शांत भाव से महाराज जी की बातें सुनते दिखे। अनुष्का बातचीत के दौरान भावुक हो गईं, जबकि विराट प्रसन्न और स्थिर नजर आए।

प्रेमानंद महाराज ने क्या कहा?

वीडियो में महाराज जी विराट-अनुष्का को जीवन का मार्गदर्शन देते हुए कहते हैं, "अपने कार्यक्षेत्र को भगवान की सेवा समझिए। गंभीर भाव से रहिए, विनम्र रहिए और खूब नाम जपिए। जो एक बार अपना असली पिता है, जिसने मुझे बनाया है, उसे एक बार देखने की लालसा होनी चाहिए। सारे सुख मिल गए, अब मुझे आप चाहिए – ऐसी इच्छा रखिए।"

इस पर अनुष्का भावुक होकर बोलीं, "हम आपके हैं महाराज जी, आप हमारे हैं, हमें और कुछ नहीं चाहिए।" महाराज जी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, "हम सब श्री जी के हैं। खूब आनंद से रहो, मस्त रहो।"

एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए विराट-अनुष्का

महाराज जी से आशीर्वाद लेने के बाद दोनों मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए। अनुष्का मरून कलर के सूट और माथे पर काली बिंदी के साथ बेहद सिंपल लुक में थीं, जबकि विराट ब्लैक टी-शर्ट और ऑफ-व्हाइट पैंट में कूल दिखे।