हमने विरोध न करने का कोई बॉन्ड साइन नहीं किया, फिर सड़कों पर उतरेंगे... रिहाई के बाद अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। रविवार (11 अक्टूबर) को उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड या अंडरटेकिंग साइन नहीं की है, जो उन्हें दोबारा विरोध प्रदर्शन करने से रोकती हो। दीपके ने कहा कि वह और उनकी पार्टी एक बार फिर सड़कों पर उतरेंगे और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।
'हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे'- अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें लिखा हो कि हम विरोध नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।'
उनका यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर विवाद जारी है। दीपके ने साफ किया कि प्रशासनिक पाबंदियां उनके आंदोलन को समाप्त नहीं कर सकतीं।
हिरासत से रिहाई के बाद फिर आंदोलन का ऐलान
दरअसल, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत एहतियाती कार्रवाई की थी।
रविवार को तीनों नेताओं को शांति और अच्छे आचरण की शर्त पर रिहा कर दिया गया। हालांकि, रिहाई के बाद दीपके ने स्पष्ट किया कि उन्होंने विरोध प्रदर्शन नहीं करने संबंधी किसी शर्त को स्वीकार नहीं किया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर अड़ी CJP
कॉकरोच जनता पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। हालांकि, चुनाव आयोग और सरकार इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं।
इस बीच CJP ने साफ कर दिया है कि वह अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगी। पार्टी की ओर से रविवार को भी जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था।