विनेश फोगाट को WFI का नोटिस, जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंट खेलने पर रोक
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने पहलवान Vinesh Phogat को अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महासंघ ने विनेश को जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है।
डब्ल्यूएफआई के अनुसार, संन्यास से वापसी के बाद विनेश ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के डोपिंग रोधी नियमों के तहत जरूरी छह महीने का नोटिस पीरियड पूरा नहीं किया। नियमों के मुताबिक किसी भी खिलाड़ी को वापसी से पहले इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) या संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघ को कम से कम छह महीने पहले सूचना देनी होती है और इस दौरान एंटी-डोपिंग जांच के लिए उपलब्ध रहना अनिवार्य होता है।
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक टेस्टिंग सिस्टम से बाहर रहने के बाद कोई खिलाड़ी सीधे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकता। वाडा नियम 5.6.1 के तहत ऐसा करने पर खिलाड़ी के परिणाम अमान्य घोषित किए जा सकते हैं।
15 पन्नों के नोटिस में डब्ल्यूएफआई ने आरोप लगाया है कि विनेश के आचरण से भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है। महासंघ ने उन पर डब्ल्यूएफआई संविधान, यूडब्ल्यूडब्ल्यू के अंतरराष्ट्रीय नियमों और डोपिंग विरोधी प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
महासंघ ने विनेश से चार प्रमुख आरोपों पर जवाब मांगा है। इनमें 2024 Summer Olympics में वजन सीमा पूरी नहीं कर पाने के कारण अयोग्यता, डोपिंग रोधी नियमों के तहत ठिकाने की जानकारी नहीं देने का आरोप और मार्च 2024 में चयन ट्रायल के दौरान दो अलग-अलग भार वर्गों में हिस्सा लेना शामिल है।
डब्ल्यूएफआई ने यह भी साफ किया है कि विनेश 10 से 12 मई तक गोंडा में होने वाले राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगी। इसे उनकी संभावित वापसी प्रतियोगिता माना जा रहा था। महासंघ ने नोटिस में कहा है कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि खिलाड़ी ने कोई ऐसा डोपिंग विरोधी उल्लंघन न किया हो, जिसके कारण वह भविष्य में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए अयोग्य हो जाए।