कौन था मसूद अजहर का भाई और जैश का मास्टरमाइंड ताहिर अनवर, कैसे हुई मौत अब भी सस्पेंस...
जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई और संगठन के मास्टरमाइंड ताहिर अनवर की रहस्यमयी मौत से आतंकी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। ताहिर पर्दे के पीछे रहकर आतंकी गतिविधियों की योजना और ट्रेनिंग का जिम्मेदार था। उसकी मौत से जैश की संरचना पर असर पड़ सकता है।
Who is Tahir Anwar: पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई और संगठन के प्रमुख रणनीतिकार ताहिर अनवर की अचानक मौत की खबर सामने आई है। उसकी मौत के कारणों पर अब तक सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन इस घटना से आतंकी नेटवर्क में हलचल तेज हो गई है।
कौन था ताहिर अनवर?
ताहिर अनवर जैश-ए-मोहम्मद का एक अहम और प्रभावशाली चेहरा था, जो हमेशा पर्दे के पीछे रहकर संगठन की गतिविधियों को संचालित करता था। बताया जाता है कि वह न केवल मसूद अजहर का करीबी सलाहकार था, बल्कि आतंकी ऑपरेशनों की रणनीति तैयार करने, नेटवर्क विस्तार और ट्रेनिंग सिस्टम को मजबूत करने में उसकी बड़ी भूमिका थी।
आतंकी संगठन की रीढ़ माना जाता था
ताहिर अनवर को जैश-ए-मोहम्मद की “रीढ़” माना जाता था। जहां मसूद अजहर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठन का चेहरा था, वहीं ताहिर अंदरूनी ढांचे को संभालता था। आतंकियों की भर्ती, ट्रेनिंग कैंप की स्थापना और ऑपरेशन प्लानिंग की जिम्मेदारी उसी के पास थी।
संगठन का फाउंडर मेंबर
ताहिर अनवर ने साल 2000 में अपने भाई मसूद अजहर के साथ मिलकर जैश-ए-मोहम्मद की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आतंकी गतिविधियों में शामिल होने से पहले वह पाकिस्तान में मुर्गी पालन का काम करता था, लेकिन बाद में पूरी तरह आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बन गया।
महिला आतंकी विंग का मास्टरमाइंड
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद जैश ने ‘जमात-उन-मोमिनात’ नाम से महिला आतंकी विंग की शुरुआत की थी। इस विंग को खड़ा करने और महिलाओं को आतंकी गतिविधियों में ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी ताहिर अनवर ही संभाल रहा था।
मौत पर बना हुआ है सस्पेंस
सोशल मीडिया पर ताहिर अनवर की मौत की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बड़ा झटका
बताया जा रहा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पहले ही मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य मारे जा चुके थे। अब ताहिर अनवर की मौत से जैश-ए-मोहम्मद को एक और बड़ा झटका लगा है, जिससे संगठन की आंतरिक संरचना पर असर पड़ सकता है।