{"vars":{"id": "130921:5012"}}

‘तुममें हिम्मत नहीं’... गर्लफ्रेंड के ताने सुनकर बौखलाया प्रेमी, हिम्मत दिखाने के लिए रचा युवक अपहरण का प्लान

 

रांची में गर्लफ्रेंड के एक ताने ने युवक के अंदर ऐसा जुनून पैदा किया कि उसने अपनी हिम्मत साबित करने के लिए दोस्त के अपहरण की खौफनाक साजिश रच डाली। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय हर्ष कुमार के अपहरण और उसकी हत्या की कोशिश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड आकाश कुमार साहु था।

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ महीने पहले आकाश का हर्ष और उसके दोस्त अमन के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और आकाश की पिटाई कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद आकाश की गर्लफ्रेंड ने भी उसे कथित तौर पर ताना दिया कि उसमें हिम्मत नहीं है। यह बात आकाश के मन में इस कदर बैठ गई कि उसने हर्ष को सबक सिखाने और गर्लफ्रेंड के सामने अपना दबदबा दिखाने की ठान ली।

जन्मदिन की पार्टी से लौटते वक्त किया अपहरण

हर्ष सोमवार रात करीब 12:10 बजे अपने दोस्त अमन मिश्रा और आकर्यकांत वर्मा के साथ आई-20 कार से लालपुर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद कडरू स्थित अपने घर लौट रहा था। कार्तिक उरांव चौक के पास उनकी कार अचानक खराब हो गई। हर्ष और उसके दोस्त कार को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 वहां पहुंची। गाड़ी से तीन-चार युवक नीचे उतरे और हर्ष को जबरन अपनी कार में बैठाने लगे। विरोध करने पर उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी हर्ष को अपने साथ लेकर वहां से फरार हो गए।

जंगल में ले जाकर की बेरहमी से मारपीट

आरोपित हर्ष को नगड़ी थाना क्षेत्र के एक सुनसान जंगल में ले गए। हर्ष ने पुलिस को बताया कि वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपितों ने उसके गले में फंदा डालकर खींचा और सिगरेट से जलाया। उसके कपड़े उतारकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपित लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। यहां तक कि पिस्टल मंगाने की बात भी कही गई। आरोपितों ने उससे झारखंड सरकार के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी कराए।

पुलिस ने जंगल से सुरक्षित बरामद किया

घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कीं और अलग-अलग इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने नगड़ी इलाके के जंगल में कार्रवाई करते हुए हर्ष को सुरक्षित बरामद कर लिया।

मामले में पुलिस ने विनय कुमार साहु, असगर खान, भोला नायक और आकाश कुमार साहु को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये और हर्ष के हस्ताक्षर वाला झारखंड सरकार का स्टांप पेपर बरामद किया गया है।

गर्लफ्रेंड को वीडियो दिखाकर साबित करना चाहता था ‘हिम्मत’

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आकाश की गर्लफ्रेंड को लेकर ही उसका हर्ष और अमन से पुराना विवाद था। दोनों पक्षों के बीच कोकर इलाके में मारपीट भी हुई थी, जिसमें आकाश को ज्यादा चोट लगी थी।

इसके बाद गर्लफ्रेंड की कथित टिप्पणी ने उसके अहं को और भड़का दिया। पुलिस के अनुसार, आकाश ने हर्ष के साथ मारपीट और उसके साथ किए जा रहे व्यवहार का वीडियो बनाने की योजना बनाई थी। वह यह वीडियो अपनी गर्लफ्रेंड को दिखाकर साबित करना चाहता था कि उसमें भी ‘हिम्मत’ है। हालांकि, वीडियो बनाकर उसे भेजने से पहले ही पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है आकाश

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित आकाश कुमार साहु का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह लोहरदगा थाना क्षेत्र में रंगदारी से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में लोहरदगा थाना में धारा 387 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अरगोड़ा थाना में हत्या की नीयत से अपहरण समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे फरार आरोपित बिट्टू और उत्तम की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।