अभिषेक बनर्जी के बाद अब TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, काले झंडे दिखाने के दौरान हुई धक्का-मुक्की
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में TMC सांसद कल्याण बनर्जी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। चंडीतला थाने जाते समय प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। सांसद ने BJP कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
TMC MP Kalyan Banerjee Assault: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना हुगली जिले की बताई जा रही है, जहां सांसद एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चंडीतला थाने ज्ञापन सौंपने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रास्ते में कुछ प्रदर्शनकारियों ने कल्याण बनर्जी का विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की के बीच मारपीट की घटना सामने आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सांसद को घेर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मेरे सिर से खून बह रहा था — कल्याण बनर्जी
घटना के बाद TMC सांसद कल्याण banerjee ने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने कहा, मैं अकेला आ रहा था, मेरे साथ कोई नहीं था। BJP सदस्यों ने गाली-गलौज की और मेरे सिर पर ड्यूज बॉल से मारा। मेरे सिर से खून बह रहा है। अब लोग तय करेंगे कि सांसदों को लगातार निशाना बनाया जाना सही है या गलत। उनके इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
अभिषेक बनर्जी के बाद अब कल्याण बनर्जी पर हमला
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब शनिवार को ही तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी कथित मारपीट की खबर सामने आई थी। अब पार्टी के एक और वरिष्ठ चेहरे पर हुए हमले ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
TMC नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष लगातार राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से पड़ताल की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।