MCD उपचुनाव से पहले BJP का दमदार शो- दिल्ली में घर-घर पहुंचा चुनावी अभियान
New Delhi: दिल्ली MCD के 12 वार्डों के उपचुनाव से पहले BJP ने घर–घर संपर्क अभियान तेज किया। मंत्री, सांसद व नेता दिनभर मतदाताओं से मिले और समर्थन मांगा। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मिल रहा भारी जनसमर्थन जीत का संकेत है और पार्टी की संगठनात्मक क्षमता तथा बूथ मैनेजमेंट इसकी ताकत है।
New Delhi : दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले भाजपा पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा दिखाई दिया। सुबह से देर रात तक केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने घर–घर पहुंचकर मतदाताओं से प्रत्यक्ष संवाद किया और पार्टी के समर्थन में मतदान की अपील की।
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जबरदस्त जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि पार्टी उपचुनाव में जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक क्षमता और बूथ मैनेजमेंट इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
दिनभर के प्रचार अभियान के केंद्र में रहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जिन्होंने सुबह से रात 9 बजे तक सात बड़े कार्यक्रमों और जनसभाओं को संबोधित किया। अशोक विहार और द्वारका बी वार्ड में सांसद प्रवीन खंडेलवाल व कमलजीत सहरावत के साथ पन्ना प्रमुख सम्मेलन में गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से अंतिम समय तक पूरी ताकत झोंकने की अपील की।
ग्रेटर कैलाश वार्ड में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय और जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी मौजूद रहे। बाद में संगम विहार ए, सैनिक विहार और विनोद नगर में जनसभाओं में रेखा गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पूर्व पार्षद को टिकट देना AAP की हताशा है, जनता जवाब देगी।
सांसदों, मंत्रियों और विधायकों की तेज़ सक्रियता
- सांसद मनोज तिवारी ने मुंडका, दिचाऊं कलां और ग्रेटर कैलाश में विशाल जनसभाएं कीं। उन्होंने पूर्वांचल समाज को दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया।
- मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दो बड़े सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं से बड़ी जीत की अपील की।
- विधायक नीलम पहलवान, अभय वर्मा, श्याम शर्मा, आशीष सूद, अशोक गोयल सहित कई नेताओं ने विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ सभाएं और समाज बैठकों कीं।
- सांसद कमलजीत सहरावत ने नौ सोसाइटी बैठकों में विकास कार्यों का हिसाब प्रस्तुत किया।
- भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता “ट्रिपल इंजन सरकार” पर भरोसा रखती है और उपचुनाव इसका मजबूत संदेश देंगे।