अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बीजेपी पहले से कर रही थी वोट चोरी की तैयारी, हर विधानसभा में...
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और योगी सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार वोट कटवाने और मतदाता सूची में गड़बड़ी करने की कोशिश करती रही है। सपा सांसद राजीव राय द्वारा उठाया गया वोट चोरी का मुद्दा बिल्कुल सच है।
हर विधानसभा में 20 हजार वोट काटने की तैयारी- अखिलेश का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि SIR आने से पहले ही बीजेपी ने हर विधानसभा क्षेत्र में 20,000 वोट काटने की योजना बना ली थी। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा की हार का बड़ा कारण यही “वोट कटौती” थी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब जनता इस हेराफेरी को समझ चुकी है और दबाव में आकर सरकार को SIR लागू करना पड़ा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को PDA प्रहरी बताया और अपील की कि वे आम जनता के वोट की रक्षा करें।
“आधार का कोई आधार नहीं बचा, सरकार सच्चाई से डरती है”
मऊ के घोसी से पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अखिलेश यादव ने आधार कार्ड की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जिस आधार को पहचान बनाया गया था, आज उसका कोई आधार ही नहीं रहा। सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से डरती है। हम संसद में इस पर बड़ा सवाल उठाएंगे।
अब यूपी में ODOP नहीं, ODOM- वन जिला वन माफिया
कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी जिस काल को सपा शासन में ‘गुंडाराज’ कहती थी, आज उससे कई गुना बुरा हाल है। उन्होंने कहा, आज यूपी में महा गुंडाराज चल रहा है। ODOP नहीं, ODOM—वन जिला वन माफिया बन गया है। हर जिले में गांजा खुलेआम बिक रहा है, सिर्फ कफ सिरप नहीं।”
संचार सारथी ऐप पर सवाल
केंद्र सरकार द्वारा लॉन्च किए गए संचार सारथी मोबाइल ऐप को लेकर अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह ऐप लोगों के फोन पर नजर रखने का तरीका है। उनके शब्दों में “सरकार हर मोबाइल में क्या खोजना चाहती है? यह सोच बिल्कुल नॉर्थ कोरिया जैसी है।”