{"vars":{"id": "130921:5012"}}

MLC चुनाव में सपा की जीत से गदगद अखिलेश यादव बोले- डबल इंजन डबल जीरो, 50 जिलों में हारी BJP

यूपी MLC चुनाव में सपा के प्रदर्शन पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन डबल जीरो हो गया और बीजेपी 50 जिलों में हारी है। अमित शाह के दौरे, UGC, महिला आरक्षण और चुनाव आयोग पर भी बयान दिया।

 

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने चुनावी नतीजों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि इस बार डबल इंजन की सरकार डबल जीरो हो गई है। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी पांच सीटों पर नहीं, बल्कि 50 जिलों में हारी है। उन्होंने अमित शाह के यूपी दौरे, UGC लागू करने के बयान और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

'डबल इंजन डबल जीरो हो गया'

अखिलेश यादव ने MLC चुनाव में सपा के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वाराणसी के मतदाताओं ने डबल इंजन को डबल जीरो दिया है। उन्होंने कहा कि जब एक पार्टी का ग्राफ ऊपर जाता है तो वह लगातार ऊपर ही जाता है। सपा की रिकॉर्ड जीत होने जा रही है।

अखिलेश ने आकाश अग्रवाल के चुने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह उनके पास आए थे, तो उन्हें टिकट देने में एक मिनट भी नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव में धूमधाम की तैयारी कर रहे थे, वे धड़ाम से गिर गए।

अमित शाह के यूपी दौरे पर कसा तंज

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर भी अखिलेश यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।' अखिलेश ने दावा किया कि अमित शाह के दौरे के बाद बीजेपी के अंदर की फूट और उजागर होगी और पार्टी में भगदड़ मचेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी में टिकट की खिड़की खाली रहेगी।

'5 सीटों पर नहीं, 50 जिलों में हारी BJP'

MLC चुनाव के नतीजों पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर चुनाव में छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गिनती में भले ही पांच सीटों की बात हो, लेकिन बीजेपी 50 जिलों में हारी है। उनके मुताबिक, रातभर जो संघर्ष कराया गया, उसे जनता समझ गई है।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग बेईमानी कर रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जनता के समर्थन से जीते हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने छह सीटें छल से जीती हैं। अखिलेश ने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो बीजेपी इतनी सीटें भी नहीं जीत पाती।

UGC लागू करने के बयान पर क्या बोले अखिलेश?

UGC लागू करने को लेकर अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि UGC लागू करने लायक नहीं है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार 27 हजार स्कूल बंद कर रही है और 27 हजार शराब के ठेके खुलवाने जा रही है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पास हो गया, लेकिन महिलाओं को आरक्षण नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि ये लोग हमेशा के लिए जाने वाले हैं।

1 नवंबर को दिल्ली की विपक्षी रैली में होंगे शामिल

अखिलेश यादव ने बताया कि वह 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली विपक्ष की रैली में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ सबूत हैं और अब आयोग कुछ कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने मतदाता सूची में सुधार की जरूरत बताते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में लगी तस्वीरों से मतदाताओं की पहचान करना मुश्किल है। उन्होंने आधार कार्ड, मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक के जरिए मतदान कराने की मांग भी रखी।

अधिकारियों पर कार्रवाई की जताई आशंका

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के बाद कई अधिकारियों पर गाज गिरने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं ने बड़ी संख्या में सपा को वोट दिया है और पार्टी की रिकॉर्ड जीत होने जा रही है। उन्होंने बीजेपी पर चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप दोहराते हुए कहा कि जनता ने पूरी प्रक्रिया को समझ लिया है।