वंदे मातरम् विवाद पर अमित शाह का कांग्रेस पर निशाना, बोले- देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी
अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ में ‘वंदे मातरम्’ विवाद को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय गीत का अपमान किया और उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के आरोपों को कांग्रेस ने खारिज करते हुए कहा कि गान रोकने का कोई प्रयास नहीं हुआ।
Amit Shah Chittorgarh: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे शाह ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रीय गीत को भुला दिया और अब इसके गायन के दौरान कथित तौर पर उसका अपमान किया गया।
अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ में 5,959 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें निम्बाहेड़ा में 21 फीट ऊंची अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण भी शामिल है।
80 साल बाद लाल किले से हुआ वंदे मातरम् का गान: शाह
अमित शाह ने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 साल बाद लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ का गान हुआ।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं है, बल्कि आजादी के आंदोलन के दौरान करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का मंत्र रहा है। इसे गाते हुए हजारों-लाखों लोगों ने अंग्रेजी हुकूमत का विरोध किया, जेल गए, लाठियां खाईं और कई लोगों ने अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए।
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने वोट बैंक की राजनीति के कारण ‘वंदे मातरम्’ को भुला दिया।
‘कांग्रेस को जनता से माफी मांगनी चाहिए’
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ को सम्मान दिया, लेकिन कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का गायन चल रहा था और इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से गान रोकने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे देश ने टेलीविजन पर देखी। शाह ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि आजादी के 80 साल बाद जब बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का यह अमर गीत फिर से सम्मान पा रहा है, तब कांग्रेस को इससे परेशानी क्यों हो रही है।
सोनिया गांधी पर भी साधा निशाना
अमित शाह ने सोनिया गांधी का नाम लेते हुए कहा कि देश की 140 करोड़ जनता सब देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वंदे मातरम्’ का गायन अधूरा छोड़ना देश और राष्ट्रीय गीत का अपमान है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को दोनों हाथ जोड़कर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस कथित हरकत को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
BJP ने सोनिया, राहुल और खरगे पर लगाए आरोप
‘वंदे मातरम्’ को लेकर विवाद स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के बाद ही राजनीतिक मुद्दा बन गया था। भाजपा ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर पार्टी मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत के प्रति कथित अनादर का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन को लेकर आपत्ति जताई गई थी और सोनिया गांधी पर इसे रोकने का आरोप लगाया। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। विपक्षी दल का कहना है कि पार्टी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। ऐसे में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब अमित शाह के चित्तौड़गढ़ में दिए बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।