{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में BJP युवा मोर्चा की बड़ी बैठक, छात्र सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

 

Varanasi : भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष के अंतर्गत 6 जुलाई को आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन की तैयारियों को लेकर महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महत्वपूर्ण बैठक की। यह सम्मेलन गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में आयोजित किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का नेतृत्व करने वाली शक्ति है। उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब-जब युवाओं ने संकल्प लिया है, तब-तब राष्ट्र को नई दिशा मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प और काशी के विकास का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्र सम्मेलन से जोड़ने का आह्वान किया।

भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने सभी मंडलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने प्रत्येक मंडल से अधिकतम छात्र सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाया जा सके।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष संजय सोनकर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। स्वागत कार्यक्रम का संयोजन आत्मा विश्वेश्वर ने किया, जबकि संचालन ओम तिवारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमन सोनकर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में रणंजय सिंह, मधुकर चित्रांश, अजय गुप्ता, अमित श्रीवास्तव, राकेश राजभर, प्रमील पाण्डेय, अभिषेक श्रीवास्तव, रोहित सिंह, श्रीपति मिश्रा, तिरुपति मिश्रा, नितेश अग्रहरि, पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।