{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आप लोग राघोपुर को सौतेला बेटा मानते हैं... राबड़ी देवी की कार को बुजुर्ग ने घेरा, सुना दी खरी-खोटी

Bihar Election 2025: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को राघोपुर में चुनाव प्रचार के दौरान जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। एक बुजुर्ग ने काफिला रोकते हुए तेजस्वी यादव पर बाढ़ के वक्त न आने का आरोप लगाया। राघोपुर सीट लालू परिवार का गढ़ रही है, लेकिन इस बार जनता का मूड बदलता दिख रहा है।

 

Bihar Election 2025: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी को गुरुवार (30 अक्टूबर) को अपने गढ़ राघोपुर में चुनाव प्रचार के दौरान जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। राघोपुर, जो लालू परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है, वहां जनता ने विकास को लेकर राबड़ी देवी और उनके बेटे तेजस्वी यादव से कड़े सवाल पूछे। इस दौरान एक बुजुर्ग ने उनका काफिला रोक लिया और नाराजगी जाहिर की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तेजस्वी कभी गांव नहीं आते

राबड़ी देवी राघोपुर के पहाड़पुर इलाके में जनसंपर्क के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति ने आगे बढ़कर उनका काफिला रोक लिया और कहा - आप लोग राघोपुर को सौतेला बेटा मानते हैं.. तेजस्वी यादव कभी इलाके में नजर नहीं आते, बाढ़ के वक्त भी मदद को नहीं पहुंचे।‘

इस पर बुजुर्ग ने तीखा जवाब देते हुए कहा - ‘तेजस्वी बाढ़ में नहीं, सिर्फ चुनाव में घूमते हैं।‘

मुस्कुराते हुए सुनीं शिकायतें

कुछ देर तक बातचीत के बाद राबड़ी देवी ने बुजुर्ग की बातें मुस्कुराते हुए सुनीं, फिर हाथ जोड़कर आगे बढ़ गईं। उनके साथ मौजूद आरजेडी कार्यकर्ताओं ने माहौल संभालने की कोशिश की, लेकिन जनता की नाराजगी साफ झलक रही थी।

राघोपुर सीट पर लालू की साख दांव पर

गौरतलब है कि राघोपुर सीट को लालू परिवार का गढ़ माना जाता है। खुद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी यहां से कई बार विधायक रह चुके हैं, जबकि तेजस्वी यादव 2015 से लगातार इस सीट से जीतते आ रहे हैं। लेकिन इस बार जनता का मूड कुछ अलग दिखाई दे रहा है। बाढ़ राहत, रोजगार और स्थानीय विकास को लेकर लोगों की नाराजगी बढ़ती दिख रही है।

पहले चरण के मतदान से पहले बढ़ा सियासी तापमान

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही दिन बचे हैं। एनडीए और महागठबंधन दोनों ही पूरी ताकत झोंक रहे हैं। ऐसे में राघोपुर का यह वीडियो चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ रहा है — क्या इस बार लालू परिवार के गढ़ में हवा बदल रही है?