{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बीजेपी नेता प्रेम कुमार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए, कहा— सभी दलों को मिलेगा बराबरी का सम्मान

Patna : बीजेपी नेता प्रेम कुमार बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। उन्होंने कहा कि सदन का संचालन नियमों के अनुसार निष्पक्ष रूप से होगा और सत्ता–विपक्ष सभी को समान अवसर मिलेगा। नौ बार विधायक रहे प्रेम कुमार ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के सहयोग के लिए आभार जताया और गरिमामय सदन चलाने का आश्वासन दिया।

 

Patna : बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नौवीं बार विधायक बने प्रेम कुमार मंगलवार को बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सदन का संचालन पूरी तरह नियमावली के तहत, निष्पक्ष और सुचारु रूप से किया जाएगा।

प्रेम कुमार ने कहा कि मेरा लंबा संसदीय अनुभव रहा है। नौ बार विधायक रहा, नेता प्रतिपक्ष भी रहा और मंत्री भी रहा। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष मेरे लिए समान होंगे। सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। लोकतंत्र की यही खूबसूरती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने लोकतांत्रिक परंपरा का पालन करते हुए उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुँचाया। प्रेम कुमार ने दोनों नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और सदन को गरिमामय ढंग से चलाने का आश्वासन दिया।

जेपी आंदोलन और आपातकाल का उल्लेख

अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए प्रेम कुमार ने कहा कि वे 1974 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से जुड़े थे। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान 1975 में उन्हें जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस दौर में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, चंद्रशेखर, चौधरी चरण सिंह सहित बिहार के कई बड़े नेता जेल में थे। आपातकाल के बाद राजनीतिक यात्रा फिर शुरू हुई और बाद में 1980 में मैं बीजेपी से जुड़ा।

एनडीए के भरोसे पर खरा उतरूंगा

प्रेम कुमार ने बताया कि 1990 से लगातार जनता ने उन्हें विधायक चुनकर सदन भेजा। 2015 में वे नेता प्रतिपक्ष बने और 2005 से कई बार कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए ने मुझे विधानसभा अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं पूरी निष्ठा से उनके भरोसे पर खरा उतरने का काम करूंगा।