{"vars":{"id": "130921:5012"}}

महाराष्ट्र के धनगर समाज के नेता रामराव वडकुते का निधन, 8 महीने पहले बने थे राज्यसभा सांसद

बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। सीने में तकलीफ के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। महाराष्ट्र में धनगर समाज के प्रमुख नेता रहे वडकुते करीब आठ महीने पहले राज्यसभा पहुंचे थे। उनके निधन पर कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

 

Ramrao Wadkute Death: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों और धनगर समाज में शोक की लहर है।

आठ महीने पहले बीजेपी ने भेजा था राज्यसभा

रामराव वडकुते को करीब आठ महीने पहले बीजेपी ने राज्यसभा सांसद बनाया था। उनकी पहचान महाराष्ट्र में धनगर समाज के प्रमुख नेताओं में होती थी। वह अनुभवी राजनेता थे और सार्वजनिक जीवन में उनकी छवि बेदाग नेता के रूप में रही।

वडकुते शेळी-मेंढी महासंघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। इससे पहले वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े थे और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के तौर पर भी काम कर चुके थे।

NCP छोड़कर बीजेपी में आए थे रामराव वडकुते

रामराव वडकुते ने अक्टूबर 2019 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2021 में उन्हें हिंगोली बीजेपी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रमुख और प्रभारी के तौर पर भी काम किया।

महाराष्ट्र में धनगर समाज के बीच उनकी मजबूत पहचान थी। बीजेपी में आने के बाद उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभालीं और करीब आठ महीने पहले पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।

नेताओं ने जताया दुख

बीजेपी के राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉक्टर विकास महात्मे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रामराव वडकुते के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि धनगर समुदाय के वरिष्ठ नेता और बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन की खबर बेहद स्तब्ध करने वाली और पीड़ादायक है।

महात्मे ने कहा कि उनके निधन से धनगर समुदाय और सार्वजनिक जीवन को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर भी एक प्रिय मित्र और करीबी साथी को खोने की बात कही। साथ ही वडकुते के समुदाय के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य डॉक्टर प्रज्ञा राजीव सातव ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोक जताया। उन्होंने रामराव वडकुते के निधन को दुखद और हृदय विदारक बताते हुए उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हाल ही में हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूल चंद मुलाना के निधन की खबर भी सामने आई थी। उन्होंने हरियाणा में 2007 से 2014 तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी।