{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कल्याण सिंह के पोतों की आज सगाई, CM योगी समेत कई दिग्गज नेता हो सकते हैं शामिल

अलीगढ़ में आज यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह का सगाई समारोह आयोजित होगा। संदीप की सगाई मेघना चौधरी और सौरभ की अंतरा त्यागी से होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

 

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह की आज (शनिवार) अलीगढ़ में सगाई होने जा रही है। इसी दिन उनके छोटे भाई सौरभ सिंह का भी सगाई समारोह आयोजित किया जाएगा। परिवार में एक ही दिन दो मांगलिक आयोजन होने के चलते कार्यक्रम को भव्य रूप दिया गया है। अलीगढ़ के तालानगरी स्थित मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

मेघना चौधरी से संदीप सिंह और अंतरा त्यागी से सौरभ की सगाई

संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी के साथ होने जा रही है। बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार गौंड़ा क्षेत्र का रहने वाला है।

वहीं, संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ होगी। दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन आयोजित की जा रही है, जिसके लिए परिवार की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

सगाई समारोह में CM योगी समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

अलीगढ़ के तालानगरी स्थित मैदान में होने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के पहुंचने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

इसके अलावा दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है। इस लिहाज से आयोजन में कई राजनीतिक हस्तियों के जुटने की उम्मीद है।

मेहमानों के स्वागत और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

समारोह को देखते हुए अलीगढ़ में मेहमानों के स्वागत, खान-पान और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान में महलनुमा बड़े-बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहमानों के भोजन की व्यवस्था के लिए सात रसोईघर बनाए गए हैं।

वहीं, कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। बड़े स्तर पर तैयारियों के बीच समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।

26 नवंबर को दिल्ली में शादी, 27 नवंबर को रिसेप्शन

सगाई समारोह के बाद दोनों भाइयों की शादी 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में होगी। इसके अगले दिन यानी 27 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।

इन दोनों कार्यक्रमों में भी देश के कई वरिष्ठ नेताओं और वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। योगी सरकार ने अयोध्या में राम जन्मभूमि की ओर जाने वाले मार्ग का नामकरण भी कल्याण सिंह के नाम पर करने का फैसला किया था।