CEC विवाद पर संजय राउत का हमला, बोले— बंगाल को BJP के हवाले करने का दिया गया टास्क
New Delhi : मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के प्रस्ताव के खारिज होने के बाद संजय राउत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पश्चिम बंगाल में बीजेपी को फायदा पहुंचाने का “टास्क” दिया गया है।
संजय राउत ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से बीजेपी कभी भी पश्चिम बंगाल में जीत हासिल नहीं कर सकती, इसलिए इस तरह की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की बात उठती है, तो सरकार उन्हें बचाने का काम करेगी।
“ममता बनर्जी शेरनी हैं”
राउत ने ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि वह “शेरनी” हैं और केंद्र सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता बीजेपी के इरादों को कभी सफल नहीं होने देगी।
CEC हटाने का प्रस्ताव खारिज
गौरतलब है कि सोमवार (6 अप्रैल) को राज्यसभा के सभापति और लोकसभा स्पीकर ने विपक्षी सांसदों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
ईरान-अमेरिका तनाव पर भी टिप्पणी
अमेरिका-ईरान तनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने Donald Trump के बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खुद को महासत्ता कहने वाला अमेरिका ईरान से डर गया है और मौजूदा हालात में ट्रंप की “थू-थू” हो रही है।
राउत के इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना जताई जा रही है।