{"vars":{"id": "130921:5012"}}

TVK ने ऐतिहासिक जीत के बाद सत्ता संभाली, CM विजय के साथ इन 9 मंत्रियों ने भी लिया शपथ

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नई राजनीतिक शुरुआत कर दी है। TVK की ऐतिहासिक जीत के बाद चेन्नई में आयोजित समारोह में विजय समेत 10 नेताओं ने शपथ ली। चुनाव में TVK ने डीएमके और एआईडीएमके जैसी बड़ी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया था।

 

तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के साथ राज्य में TVK सरकार का औपचारिक आगाज हो गया। विजय के साथ नौ अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कई जगह जश्न का माहौल बना रहा।

इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री विजय के अलावा जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और एस. कीर्तना शामिल हैं।

नई कैबिनेट में अनुभवी और नए चेहरों का संतुलन देखने को मिला है। माना जा रहा है कि विजय ने अपनी पहली टीम तैयार करते समय राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों का खास ध्यान रखा है।

चुनावी नतीजों ने बदली तमिलनाडु की राजनीति

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था। 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और 4 मई को आए नतीजों में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। राजनीति में नई मानी जा रही इस पार्टी ने डीएमके और एआईडीएमके जैसी पुरानी राजनीतिक ताकतों को पीछे छोड़ दिया।

चुनाव में TVK को 108 सीटें हासिल हुईं, जबकि डीएमके को 59 और एआईडीएमके को 47 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इसके अलावा कांग्रेस को 5 और पीएमके को 4 सीटें मिलीं।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

अभिनेता से मुख्यमंत्री तक का सफर

थलापति विजय लंबे समय से दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय चेहरों में शामिल रहे हैं। फिल्मों में उनकी लोकप्रियता पहले से ही जबरदस्त थी, लेकिन राजनीति में कदम रखने के बाद उन्होंने बेहद कम समय में जनता के बीच मजबूत पकड़ बना ली।

चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने युवाओं, रोजगार, शिक्षा और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। माना जा रहा है कि उनकी साफ छवि और बड़े वादों ने जनता को प्रभावित किया, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।

अब तमिलनाडु ही नहीं, पूरे देश की नजर विजय सरकार के कामकाज पर रहेगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि फिल्मों के सुपरस्टार विजय राजनीति में भी जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतर पाते हैं।