2027 विधानसभा चुनाव में NDA की कितनी सीटें आएंगी? 50 पार के सवाल पर क्या बोले CM योगी?
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने NDA की जीत का बड़ा दावा किया है। आजतक को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि बीजेपी और सहयोगी दलों को 80 फीसदी वोट और सीटें मिलेंगी। जानिए 403 सीटों वाली विधानसभा में 80-20 फॉर्मूले का पूरा गणित।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को 80 फीसदी वोट और इतनी ही विधानसभा सीटें मिलेंगी। उन्होंने अपने चर्चित 80-20 फॉर्मूले को दोहराते हुए कहा कि इसका असर चुनाव में वोटों के साथ सीटों के आंकड़े में भी दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजतक की सीनियर मैनेजिंग एडिटर श्वेता सिंह को दिए इंटरव्यू में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर यह बात कही। उनसे पूछा गया था कि क्या बीजेपी आगामी चुनाव में 350 सीटों का आंकड़ा पार कर पाएगी? इस पर योगी ने सीटों की कोई निश्चित संख्या बताने के बजाय कहा कि एनडीए को विधानसभा की कम से कम 80 फीसदी सीटें मिलेंगी।
योगी ने फिर दोहराया 80-20 का फॉर्मूला
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह कई बार 80-20 की लड़ाई की बात कह चुके हैं। उनके मुताबिक, बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को 80 फीसदी वोट मिलेंगे, जबकि बाकी 20 फीसदी वोट विपक्ष के हिस्से में जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही समीकरण विधानसभा की सीटों में भी दिखाई देगा।
दरअसल, योगी आदित्यनाथ ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी 80-20 फॉर्मूले का जिक्र किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास में विश्वास रखने वाले 80 फीसदी मतदाता बीजेपी के पक्ष में मतदान करेंगे, जबकि बाकी 20 फीसदी विपक्ष के साथ जाएंगे।
403 सीटों वाली विधानसभा में क्या होगा 80 फीसदी का गणित?
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 80 फीसदी सीटें जीतने का अनुमान सही साबित होता है, तो बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के खाते में करीब 322 सीटें आ सकती हैं। वहीं, बाकी लगभग 81 सीटें विपक्षी दलों को मिलेंगी।
हालांकि, योगी आदित्यनाथ ने इंटरव्यू में एनडीए के लिए सीटों की कोई निश्चित संख्या नहीं बताई। उन्होंने केवल 80 फीसदी सीटें जीतने का दावा किया।
2017 और 2022 में कैसा रहा NDA का प्रदर्शन?
उत्तर प्रदेश में पिछले दो विधानसभा चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो 2017 में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 325 सीटें जीती थीं। इनमें अकेले बीजेपी के खाते में 312 सीटें आई थीं।
वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की सीटों की संख्या घटकर 273 रह गई थी। इस चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में 2027 के चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री का 80 फीसदी सीटें जीतने का दावा पिछले चुनाव के मुकाबले गठबंधन के लिए बड़े लक्ष्य की ओर इशारा करता है।
योगी आदित्यनाथ ने 2027 के चुनाव में एनडीए के प्रदर्शन को लेकर अपना अनुमान साफ कर दिया है। अब चुनाव में राजनीतिक दलों की तैयारियों और मतदाताओं के रुख के बीच यह देखना अहम होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में किस दल को कितना समर्थन मिलता है।