{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जहां PM मोदी ने खाई थी झालमुरी, वहां किसकी बनेगी सरकार? झारग्राम सीट पर बड़ा अपडेट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में झारग्राम सीट चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यहां भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव बढ़त बनाए हुए हैं। यह वही सीट है जहां चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुरी खाई थी, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

 

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने की ओर है। 4 मई को सुबह 8 बजे से 293 सीटों के लिए मतगणना शुरू हुई, जिसमें शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बढ़त मिलती नजर आ रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस कई सीटों पर पीछे चल रही है।

हालांकि, इन नतीजों के बीच एक सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है- झारग्राम विधानसभा सीट, जो चुनावी माहौल के साथ-साथ एक खास वजह से भी सुर्खियों में बनी हुई है।

झारग्राम सीट पर किसकी बढ़त?

झारग्राम सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। यहां तृणमूल कांग्रेस ने मोंगल सरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से लक्ष्मीकांत साव मैदान में हैं। इसके अलावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से अर्जुन कुमार महता और कांग्रेस के प्रसेनजीत डे भी चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि TMC के मोंगल सरेन पीछे चल रहे हैं।

जब ‘झालमुरी’ बना चुनावी चर्चा का हिस्सा

झारग्राम सीट की चर्चा केवल चुनावी मुकाबले तक सीमित नहीं है। दरअसल, 19 अप्रैल को चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिष्णुपुर, पुरुलिया, झारग्राम और मेदिनीपुर में रैलियां और रोड शो किए थे।

इसी दौरान झारग्राम में उनका काफिला अचानक रुका और उन्होंने सड़क किनारे एक दुकान पर रुककर झालमुरी खाई। यह पल कैमरों में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रधानमंत्री का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया और झारग्राम सीट को खास पहचान मिल गई।

अब नतीजों पर टिकी नजरें

फिलहाल झारग्राम सीट पर भाजपा की बढ़त बनी हुई है, लेकिन अंतिम नतीजे आने तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं होगी। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, यह तय होगा कि इस चर्चित सीट पर जीत किसके खाते में जाएगी।