UP में 20 IPS अफसरों का तबादला, पूर्वांचल के जौनपुर-मऊ-गाजीपुर-आजमगढ़ में बदले पुलिस कप्तान
उत्तर प्रदेश में बुधवार को शासन ने 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में पूर्वांचल के कई अहम जिलों के पुलिस अधिकारियों को भी बदला गया है। जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ और बलिया में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है।
शासन की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, यशवीर सिंह को बस्ती के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर जौनपुर का नया एसपी बनाया गया है। वहीं सर्वेश कुमार मिश्रा को सेनानायक पीएसी प्रयागराज से स्थानांतरित कर मऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में विनय कुमार सिंह*को जालौन से स्थानांतरित कर गाजीपुर का नया एसपी बनाया गया है। वहीं चिराग जैन को एसपी ग्रामीण आजमगढ़ से हटाकर एसपी सिटी बरेली की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर मानुष पारीक को एसपी सिटी आजमगढ़ बनाया गया है। वहीं इस पद पर तैनात मधुवन कुमार सिंह को एसपी हापुड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पांच महीने में ही बदले गए मऊ के एसपी कमलेश बहादुर
मऊ में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर का भी तबादला कर दिया गया है। उन्होंने इसी साल 31 मार्च को जिले के एसपी का पदभार संभाला था। अब उन्हें पुलिस अधीक्षक लोक शिकायत मुख्यालय, महानिदेशक कार्यालय भेजा गया है।
उनकी जगह पीएसी प्रयागराज की चौथी वाहिनी के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ की कमान सौंपी गई है। कमलेश बहादुर के कार्यकाल को लेकर शुरुआती दौर में ही चर्चाएं शुरू हो गई थीं। जिले के कुछ भाजपा पदाधिकारियों की नाराजगी की बात भी सामने आई थी। हालांकि, उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई स्तरों पर काम किया।
गाजीपुर को मिला नया पुलिस कप्तान
गाजीपुर में भी पुलिस कप्तान बदला गया है। शासन ने डॉ. ईरज राजा का तबादला कर उन्हें बलिया का एसपी बनाया है। वहीं जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
डॉ. ईरज राजा ने 13 जुलाई 2024 को गाजीपुर के एसपी के तौर पर कार्यभार संभाला था। करीब दो साल से अधिक समय तक जिले की कमान संभालने के बाद अब उनका तबादला बलिया किया गया है।
उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ गैंग और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कई अभियान चलाए। पुलिस ने वांछित और इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ हथियारों की तस्करी पर भी कार्रवाई की।
ताजा तबादलों के बाद पूर्वांचल के इन जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव के साथ अब नए अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी।