{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में 24 IAS अफसरों को प्रमोशन, 4 होंगे प्रमुख सचिव और 20 बनेंगे सचिव

 

नए साल की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार नौकरशाही में बड़ा बदलाव करने जा रही है। प्रदेश के कुल 24 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह पदोन्नतियां 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में सभी नामों पर सहमति बन चुकी है।

चार वरिष्ठ IAS अधिकारी बनेंगे प्रमुख सचिव

इस बार 2001 बैच के चार वरिष्ठ IAS अधिकारियों को 25 वर्ष की बेदाग सेवा पूर्ण करने पर प्रमुख सचिव (Principal Secretary) पद पर प्रमोशन दिया जाएगा। इनमें शामिल हैं—

1. शशि भूषण लाल सुशील

देवीपाटन मंडल के कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव बनाया जाएगा। 2001 बैच के इस अधिकारी का मूल निवास सहारनपुर है। 2012 में उन पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके चलते उन्हें निलंबन भी झेलना पड़ा था। विवादों के बावजूद उन्हें अब उच्च पद की जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

2. अजय कुमार शुक्ला

नगर विकास विभाग में सचिव पद पर कार्यरत अजय कुमार शुक्ला भी प्रमुख सचिव बनाए जाएंगे। वे लंबे समय तक निर्वाचन विभाग से जुड़े रहे और राज्य निर्वाचन अधिकारी भी रहे। बाद में उन्हें नगर विकास विभाग में भेजा गया था।

3. अपर्णा यू

चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव और नेशनल हेल्थ मिशन की निदेशक के रूप में कार्यरत अपर्णा यू को भी प्रोन्नति दी जा रही है। 2001 बैच की यह अधिकारी कई अहम पदों पर रह चुकी हैं। आंध्र प्रदेश प्रतिनियुक्ति के दौरान कौशल विकास घोटाले और यूपी पावर कॉर्पोरेशन पेंशन घोटाले में उनका नाम आया था, जिनकी जांच सीबीआई कर रही है।

4. एसवीएस रंगाराव

राजस्व बोर्ड के सदस्य एसवीएस रंगाराव को भी प्रमुख सचिव पद के लिए मंजूरी मिल चुकी है। इन चारों अधिकारियों को अब स्वतंत्र विभागों की कमान सौंपे जाने की तैयारी है।

20 IAS अधिकारी बनेंगे सचिव

डीपीसी ने 2010 बैच के 20 IAS अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव पद पर पदोन्नति दी है। इस बैच में शुरू से ही अधिकांश अधिकारी विशेष सचिव के रूप में तैनात हैं, जबकि दुर्गा शक्ति नागपाल वर्तमान में लखीमपुर खीरी की डीएम के रूप में कार्यरत एकमात्र अधिकारी हैं। पदोन्नति के बाद इन अफसरों को मंडलायुक्त या स्वतंत्र विभागीय जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।

अन्य बैचों को भी मिली ग्रेड-पे मंजूरी

डीपीसी में अन्य बैचों पर भी विचार किया गया, 2013 बैच के एक अधिकारी को चयन ग्रेड की मंजूरी। 2017 बैच के एक अधिकारी को प्रशासनिक ग्रेड पे की मंजूरी जल्द ही नियुक्ति विभाग पदोन्नति संबंधी आदेश जारी करेगा।

नए साल पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल संभव

इन प्रमोशनों के बाद यूपी की नौकरशाही में बड़े स्तर पर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नए प्रमुख सचिवों को स्वतंत्र विभाग, सचिव बनने वाले कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण मंडलायुक्त पद और जिलाधिकारी स्तर पर भी फेरबदल की संभावना है।

यानी नया साल प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलावों के साथ शुरू होने वाला है।