पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर में घुसी, 5 की मौत
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइलस्टोन के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे में मरने वालों में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चियां शामिल हैं।
कार पूरी तरह हुई तबाह
प्रत्यक्ष तस्वीरों के अनुसार हादसे के बाद सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा, छत और अंदर का केबिन बुरी तरह पिचक गया। सीटें तक टूट गईं और गाड़ी का ढांचा पूरी तरह बिखर गया।
टक्कर जिस ट्रेलर से हुई, उस पर राजस्थान नंबर दर्ज बताया जा रहा है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए बड़ी क्रेन बुलानी पड़ी।
पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस को मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है। उसमें एक पता हरियाणा के Faridabad और दूसरा बिहार के Siwan का बताया गया है।
पुलिस जब फरीदाबाद वाले पते पर पहुंची तो घर बंद मिला। अब मृतकों की पहचान के लिए आजमगढ़ पुलिस बिहार पुलिस से संपर्क कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम
घटना की सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस टीम और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रेलर में एक कार घुस गई है। सूचना के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन कार में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।