{"vars":{"id": "130921:5012"}}

थाने में मां के सामने गिड़गिड़ाते रहे 6 बच्चे, नहीं बदला महिला का फैसला, प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही

 

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से पारिवारिक रिश्तों को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां छह बच्चों की मां ने पुलिस थाने में अपने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, मां को वापस घर ले जाने की उम्मीद लेकर पहुंचे बच्चों ने भी उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने साफ कहा कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती और दूसरे युवक के साथ ही रहना चाहती है।

15 अगस्त को युवक के साथ घर से चली गई थी महिला

मामला मैनपुरी जिले के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, महिला बीती 15 अगस्त को अचानक घर से लापता हो गई थी। बताया जाता है कि उसके साथ शाहजहांपुर जिले के कूंता गांव का रहने वाला एक युवक भी घर से चला गया था। रिश्ते में वह युवक महिला का ममिया ससुर बताया जा रहा है।

काफी तलाश के बाद भी जब महिला और युवक का कोई पता नहीं चला तो उसके पति ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी।

फोन पर बातचीत के बाद बढ़ीं नजदीकियां

परिजनों के मुताबिक, महिला और युवक के बीच काफी समय से फोन पर बातचीत होती थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद महिला घर छोड़कर युवक के साथ चली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस ने महिला और युवक का पता लगा लिया।

थाने में बच्चों ने मां से की घर लौटने की गुहार

गुरुवार को जब पुलिस महिला को थाने लेकर पहुंची तो उसका पति भी अपने छह बच्चों के साथ वहां पहुंच गया। परिवार को उम्मीद थी कि बच्चों को सामने देखकर महिला का मन बदल जाएगा और वह वापस घर लौटने के लिए तैयार हो जाएगी।

थाने में बच्चों ने मां से घर चलने की गुहार लगाई। पति ने भी उसे दोबारा परिवार के साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने किसी की बात नहीं मानी। उसने साफ कर दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और युवक के साथ ही रहना चाहती है।

पुलिस ने महिला को न्यायालय में किया पेश

महिला के अपने फैसले पर कायम रहने के बाद पुलिस ने नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे न्यायालय में पेश किया। अब आगे का फैसला अदालत में होने वाली कार्रवाई के आधार पर तय होगा।

वहीं, थाने में मां को मनाने की कोशिश करते छह बच्चों का यह घटनाक्रम परिवार के लिए बेहद भावुक करने वाला रहा। बच्चों को उम्मीद थी कि मां उनके साथ घर लौट आएगी, लेकिन महिला ने अपना फैसला बदलने से इनकार कर दिया।