रायबरेली के निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने आठ युवतियों को रौंदा, चार की मौत, चार गंभीर रूप से घायल
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही आठ युवतियों को टक्कर मार दी, जिसमें चार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी युवतियां भंडारे का प्रसाद लेकर पैदल ही अपने गांव लौट रही थीं।
यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास उस वक्त हुआ, जब कोडर गांव की रहने वाली युवतियां चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रही थीं। पुलिस के मुताबिक, सभी एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रही थीं, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन को जब्त कर चुकी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
दो की मौके पर, दो की अस्पताल में मौत
इस दर्दनाक हादसे में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य युवतियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रश्मी (14) और आसमा (22) ने दम तोड़ दिया। वहीं, रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डीएम-एसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना तेज रफ्तार कार के कारण हुई है। चार लोगों की मौत हो चुकी है और अन्य घायल हैं। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लापरवाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य चल रहा है, तब वहां वाहनों की आवाजाही कैसे हो रही है। साथ ही पैदल यात्रियों को रोकने या सुरक्षित मार्ग देने के भी कोई इंतजाम नहीं हैं।
यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन परियोजनाओं पर सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।