फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर कार्रवाई: 10 लेखपालों को नोटिस, वेतन रोका
गाजीपुर: फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने पर एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने कड़ा रुख अपनाते हुए 10 लेखपालों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक उनके वेतन पर भी रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई के बाद लेखपालों में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम मनोज पाठक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसके बावजूद कई लेखपालों द्वारा लापरवाही बरती जा रही थी। इस पर पाहसैय्यद राजा के लेखपाल रचित कुमार, रमवल के रमेश राम, कसेरा पोखरा के मयंक सिंह, रामपुर फुफुआव के तौकीर हसन और बूढ़ाडीह के विनीत सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
इसी तरह बरूईन के विजय कुमार सिंह, जमानियां के रंजन सिन्हा, टीसौरा के राहुल राम, जीवपुर के शिवाजी यादव और चितावन पट्टी के सुभाष चंद्र को भी फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समय से पूरा न करने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक इन लेखपालों का वेतन रोका रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, अन्यथा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के जरिए किसानों को पीएम किसान, फसल बीमा सहित अन्य योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही डिजिटल डेटा के आधार पर किसानों की वित्तीय विश्वसनीयता बढ़ेगी, जिससे कम ब्याज दर पर कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाना आसान होगा।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को आधार कार्ड, खतौनी की छायाप्रति और आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ विशेष कैंप में पहुंचना होगा।
प्रदेश में चौथे स्थान पर जनपद
उपनिदेशक कृषि विजय कुमार ने बताया कि 6 अप्रैल से चल रहे अभियान में जनपद प्रदेश में चौथे स्थान पर है। पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन करीब 5 हजार किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है और अब तक 23 दिनों में 64 हजार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है।