वायरल दिव्यांग बेटी रागिनी से मिले अखिलेश यादव, पढ़ाई के लिए दी 2 लाख रुपये आर्थिक मदद के साथ दिया इलाज का भरोसा
बलिया। सोशल मीडिया पर एक पैर से स्कूल जाते हुए वायरल हुई बलिया की दिव्यांग बेटी रागिनी से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रागिनी और उसके परिवार से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अखिलेश यादव ने रागिनी को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
रागिनी बलिया जिले के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रानीपुर गांव की रहने वाली है। बीते दिनों उसका एक पैर से स्कूल जाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और प्रदेश सरकार ने भी इसका संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रागिनी को ट्राई साइकिल, कॉपी-किताब समेत अन्य जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया। साथ ही उसके पैरों के इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक दिन पहले रागिनी से मुलाकात कर उसका हाल जाना था।
अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रागिनी से मुलाकात कर उसे आर्थिक सहायता दी। उन्होंने परिवार से बातचीत के दौरान भरोसा दिलाया कि रागिनी की पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि रागिनी की शिक्षा KG से PG तक जारी रखने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने रागिनी के परिजनों को यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी तरह की जरूरत पड़ने पर वे नीरज सिंह गुड्डू को इसकी जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
रागिनी की कहानी सोशल मीडिया के जरिए सामने आने के बाद अब प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर भी उसकी मदद के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव की मुलाकात के बाद रागिनी की शिक्षा और इलाज को लेकर परिवार को आगे भी सहयोग मिलने की उम्मीद है।