{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, सुबह ले जाया गया था अस्पताल, मौत की वजह साफ नहीं

 

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव (Prateek Yadav) का बुधवार को निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान कुछ दिनों बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद वे अस्पताल से बिना औपचारिक छुट्टी के घर लौट आए थे।

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक Mulayam Singh Yadav की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी Aparna Yadav भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

राजनीति से बनाए रखी दूरी

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। हालांकि वह राजनीति से दूर रहे और उन्होंने फिटनेस तथा रियल एस्टेट सेक्टर में अपना करियर बनाया। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम संचालित करते थे।

इसके अलावा उन्होंने ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी बनाई थी, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन, देखभाल और रेस्क्यू का काम करती थी। सामाजिक कार्यों और फिटनेस इंडस्ट्री में उनकी अलग पहचान मानी जाती थी।

प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।