{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अंबेडकरनगर : घायलों की मदद करने पहुंचे लोगों पर चढ़ी कार, 8 की दर्दनाक मौत

 

अंबेडकरनगर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने आठ लोगों की जान ले ली। घटना जलालपुर क्षेत्र के अशरफपुर भट्ठा के पास हुई, जहां एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया।

पहले हुई थी दो बाइकों की टक्कर

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें सड़क किनारे ले जाकर अस्पताल भेजने की कोशिश कर रहे थे।

मददगार बने हादसे का शिकार

इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और मदद कर रहे लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार गड्ढे में पलट गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी जलालपुर भेजा गया, जहां 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 2 और लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है। जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार कार चालक की तलाश जारी है। अज्ञात शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।