{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 28-29 नवंबर को प्रदेशभर में लगेंगे विशेष कैंप

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, गलतियों को सुधारने और अपना नाम चेक करने के लिए नागरिकों को एक और मौका मिलने जा रहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रदेश में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के करीब 1.73 लाख बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं की मदद करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि जिन नागरिकों को 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में शामिल होने का मौका नहीं मिल पाया, वे अगले अभियान दिवसों में अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम चेक कर सकते हैं। अगर मतदाता सूची में नाम नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराया जा सकता है।

1.73 लाख बूथों पर मौजूद रहेंगे BLO

प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन विशेष अभियान दिवसों पर बीएलओ मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में चेक कर सकेंगे। नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ ही मतदाता सूची में जरूरी संशोधन कराने की सुविधा भी मिलेगी।

निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कर लें, क्योंकि मतदान करने के लिए वोटर लिस्ट में नाम होना जरूरी है।

युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फॉर्म की उपलब्धता, मतदाता सहायता डेस्क और बूथ लेवल एजेंटों की सक्रियता की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खासतौर पर युवाओं और महिलाओं के मतदाता पंजीकरण पर ध्यान दिया जाए। साथ ही घर-घर संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण करने को कहा गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए।

ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं वोटर लिस्ट में नाम

मतदाता सूची में नाम चेक करने के लिए बूथ पर जाने के अलावा ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं।

- नया नाम जुड़वाने के लिए: फॉर्म-6
- नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति के लिए: फॉर्म-7
- वोटर कार्ड में सुधार या पता बदलने के लिए: फॉर्म-8
- 
- 
- 
इसके लिए voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINET मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के नागरिकों से 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। 

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए बेहद जरूरी है। पात्र नागरिक अभियान दिवस का इंतजार किए बिना भी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।