अगले 48 घंटे संभलकर! प्रयागराज समेत यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 19 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर पूर्वी और दक्षिणी यूपी के जिलों में मौसम ज्यादा बिगड़ सकता है।
IMD के अनुसार, 19 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 20 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर और महोबा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ जलभराव और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
इसके अलावा फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, हमीरपुर और ललितपुर में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और झांसी समेत आसपास के इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इससे पहले 18 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। प्रयागराज में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। पूर्वी यूपी के साथ दक्षिणी हिस्सों में भी मानसूनी गतिविधियां तेज रहीं।
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 20 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव वाले रास्तों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।