भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार : वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में 19 मई तक हीटवेव का अलर्ट, 47°C तक पहुंच सकता है पारा
वाराणसी में आंधी और बारिश के बाद अब भीषण गर्मी और लू को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार 16 से 19 मई के बीच तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। दिनभर लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं और वातावरण में नमी 60 प्रतिशत से अधिक बनी रही।
47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक Atul Kumar Singh ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में काशी क्षेत्र लू की चपेट में आ सकता है। उन्होंने कहा कि अगले छह से सात दिनों के भीतर तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी साबित होगी।
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
आंधी-बारिश से हुआ नुकसान
बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराया। प्रशासनिक रिपोर्ट के मुताबिक आंधी में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा छह पशुओं की मौत हुई है, 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और चार पशुबाड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।