{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी बजट सत्र से पहले अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, बोले- झूठ का बखान करें...

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। बजट सत्र से पहले ही सियासी माहौल गर्म हो गया है। विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति में जुट गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा को नए बजट की तारीफ करने से पहले जनता को पिछले बजट की सच्चाई बतानी चाहिए। उन्होंने लिखा, “इससे पहले कि भाजपा अगले बजट का झूठ बखाने, जनता का हक़ बनता है कि वह पिछले बजट की सच्चाई जाने। भाजपाई आत्मप्रचार के बजट को शत-प्रतिशत से भी ज़्यादा खर्च करते हैं।”

सपा विधायकों के साथ रणनीतिक बैठक

बजट सत्र की शुरुआत से पहले अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में समाजवादी पार्टी के विधायकों के साथ अहम बैठक भी की। बैठक में उन्होंने सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति साझा की। इस दौरान संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर भी चर्चा हुई।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

बैठक के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले ही फॉर्म-7 को लेकर गंभीर सवाल उठा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कुछ पेशेवर एजेंसियों को हायर किया है, जिनके लोग दिल्ली, लखनऊ समेत देश के अलग-अलग शहरों में बैठकर वोटर लिस्ट का विश्लेषण कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ये एजेंसियां उन बूथों की पहचान कर रही हैं, जहां समाजवादी पार्टी पहले चुनाव जीतती रही है।

बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक

उधर, बजट सत्र से पहले रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की गई। इसमें सत्तारूढ़ भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सदन के सुचारु संचालन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 11 फरवरी को विधानसभा में पेश करेगी। ऐसे में सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।