{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सपा सुप्रीमो का पुतला फूंकने के दौरान झुलसी BJP नेता, अखिलेश यादव बोले- इलाज की...

 
उत्तर प्रदेश के बहराइच में भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रही पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल पुतला दहन के दौरान झुलस गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुतला जलाते समय हुआ हादसा

भाजपा महिला मोर्चा की ओर से “नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में” नारे के साथ प्रदर्शन किया जा रहा था। कार्यक्रम में सूर्य प्रताप शाही समेत कई भाजपा नेता, विधायक और महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद थीं।

बताया गया कि कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन के दौरान अनुपमा जायसवाल राहुल गांधी के पुतले में आग लगा रही थीं। इसी दौरान पास में रखे दूसरे पुतले में अचानक विस्फोट हो गया और आग की लपटें उनकी ओर फैल गईं। इससे उनके कंधे के पास जलने की चोट आई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाई और पुलिस वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुतला दहन के दौरान अचानक आग भड़कती दिखाई दे रही है, जिसके बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन जाती है।

भाजपा नेताओं में हड़कंप

हादसे के बाद भाजपा नेताओं में हड़कंप मच गया। पार्टी के कई नेताओं ने इस घटना पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से बचाव किया। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि अत्यधिक उत्साह और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि, आग लगाने वाले सावधान रहें। आग से झुलसी महिला के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए।