Chandauli: महिला कांस्टेबल से छेड़खानी का आरोप, आरोपी सिपाही अमित कुमार निलंबित
Chandauli: चंदौली जिले के सदर कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने वहीं कार्यरत सिपाही अमित कुमार पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना सामने आने के बाद आरोपी सिपाही अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
महिला कांस्टेबल के अनुसार, वह रात में सीसीटीवी कक्ष में ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान रात करीब दो बजे क्वार्टर गार्ड ड्यूटी समाप्त करने के बाद सिपाही अमित कुमार उसके कक्ष में पहुंच गया और उससे बद्तमीजी करने लगा। महिला कांस्टेबल के शोर मचाने पर आरोपी सिपाही वहां से भाग गया।
इस मामले में सदर कोतवाली के कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।