यूपी में 24-25 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त का दौरा, युवाओं से लेकर 500 BLOs से करेंगे सीधा संवाद
लखनऊ। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल 24 और 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा। इस दौरान आयोग का प्रतिनिधिमंडल युवाओं और भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने, निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने और बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के अनुभवों व सुझावों को जानने पर विशेष जोर देगा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना समेत आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे।
दौरे के पहले दिन 24 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। खास बात यह है कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा इसी कॉलेज में हुई है। इसके बाद वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 और ECINET क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश में ELC और ECINET से जुड़े क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों में लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ के पहले चरण में 20 जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा 120 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब यानी ELC की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। अब डिजिटल दौर को ध्यान में रखते हुए ELC को ELC 2.0 के रूप में नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को पूरे साल सक्रिय, अनुभवात्मक और डिजिटल रूप से सक्षम मंच बनाया जाएगा।
सम्मेलन में मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए लाइव डेमो वाले स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम और नए ELC पोर्टल के जरिए शैक्षणिक संस्थानों की ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। निर्वाचन आयोग की विभिन्न पहलों और नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी के साथ ELC 2.0 की विजन, मिशन और कार्यप्रणाली पर प्रस्तुतियां भी होंगी।
ELC के जरिए उन विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो मतदान की पात्रता हासिल कर चुके हैं या जल्द ही पात्र होने वाले हैं। युवाओं को उनके मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार भागीदारी के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।
दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मॉर्स हॉल में लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों से सीधे संवाद करेंगे। BLOs मतदाता सूची को अपडेट रखने, नए पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने, घर-घर सत्यापन करने तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं से जुड़ी जानकारी को अपडेट करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम युवाओं और भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की
व्यावहारिक जानकारी देने के साथ-साथ BLOs के जमीनी अनुभवों और सुझावों को आयोग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इससे निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिलेगी। प्रदेश के अन्य चरणों में भी ELC और ECINET के क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।