यूपी में बढ़ने लगी ठिठुरन, मुजफ्फरनगर में पारा 9.5 डिग्री तक लुढ़का, 21 नवंबर से और बढ़ेगी सर्दी
उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे सर्द होने लगा है। सुबह घर से निकलते ही ठंडी हवाएं लोगों को गर्म कपड़े पहनने का एहसास करा रही हैं, वहीं शाम होते ही ठिठुरन बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रात की ठंड और बढ़ने के संकेत दिए हैं। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 21 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है।
मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा ठंड, मेरठ में भी गिरा पारा
उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, मेरठ में रात का तापमान गिरकर 10.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान के लिहाज से मेरठ प्रदेश का छठा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह-शाम ठंडी हवाओं से बढ़ी परेशानी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिला। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को सर्दी महसूस हुई। दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन धूप में पहले जैसी गर्माहट नहीं रही। शाम होते ही तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया।
बदलते मौसम के बीच लोग अब गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं। चाय की दुकानों पर भी सुबह और शाम लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम की ठंड अधिक परेशान कर रही है।
21 नवंबर के बाद सिंगल डिजिट में पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले दो दिनों तक रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी के आसार हैं। 21 नवंबर के बाद मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। ऐसे में रात के समय ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने तूफान के प्रभाव से आने वाले दिनों में हवाओं का रुख बदलकर पूर्वी हो सकता है। इससे रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने की आशंका जताई गई है। मेरठ में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 203 दर्ज किया गया, जो खराब हवा की स्थिति को दर्शाता है।
फिलहाल प्रदेश में दिन के समय धूप से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और रात की ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को सर्दी के लिए तैयार रहने की जरूरत है।