{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिद्धार्थनगर में CM योगी का सपा-कांग्रेस पर हमला, राहुल-अखिलेश से पूछा- सत्ता में रहने के दौरान युवाओं के लिए क्या किया?

 

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 311 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने देश और प्रदेश को बांटने का काम किया है। उन्होंने राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए पूछा कि सत्ता में रहने के दौरान उन्होंने युवाओं के लिए क्या किया।

'युवाओं के लिए पहचान का संकट खड़ा किया'

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, जबकि उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस को कई बार सत्ता में रहने का अवसर मिला। इसके बावजूद युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। उनके मुताबिक, जब देश में आतंकवाद, उग्रवाद, उपद्रव और दंगे होते हैं तो उसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ता है।

'आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, देने वाला है'

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अब युवा केवल नौकरी की तलाश में भटकने वाला नहीं है, बल्कि जॉब देने वाला बन रहा है। सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नया इकोसिस्टम तैयार किया है।

योगी ने कहा कि आज के युवा की जरूरत अच्छी शिक्षा, स्किलिंग, रोजगार और उद्यमिता है और सरकार इन क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।

सिद्धार्थनगर के विकास का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सिद्धार्थनगर की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि देश के 112 आकांक्षी जिलों में सिद्धार्थनगर ने उल्लेखनीय प्रगति की है। नीति आयोग की ओर से जिले को पुरस्कार मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मेडिकल शिक्षा और स्किलिंग पर सरकार का फोकस

सीएम योगी ने कहा कि पिछले वर्षों में देश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उनके मुताबिक, देशभर में हजारों स्किलिंग सेंटर और 15 हजार से अधिक ITI के जरिए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी बढ़ोतरी का दावा करते हुए कहा कि 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2025 में बढ़कर 818 हो गए। इसी तरह MBBS की सीटों में भी बड़ा इजाफा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।