मोहर्रम को लेकर CM योगी का सख्त निर्देश: हथियार प्रदर्शन और DJ पर रोक, NEET अभ्यर्थियों को बस किराए में 50% छूट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होगा। साथ ही कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित उपयोग और नई परंपराओं की शुरुआत पर भी रोक रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने ताजियों की ऊंचाई को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मानकों का पालन किया जाए और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न दी जाए।
NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यकतानुसार अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
57 हजार ग्राम पंचायतों और 762 निकायों में योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम के साथ व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए।
20 जून को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने नगर विकास, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग को 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस के आयोजन स्थलों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।
जनसुनवाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन, सीएम हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन जिलों में शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वहां जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन जनपदों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की तैनाती नहीं है, वहां अगले तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक और शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।