{"vars":{"id": "130921:5012"}}

SIR अभियान को लेकर CM योगी की पार्टी कार्यकर्ताओं संग बैठक, कहा- घर-घर संपर्क कर नागरिकों का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करें

 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पूरी निष्ठा और शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत की जाने वाली मेहनत लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य है, इसलिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता छूट न जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर बाद गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में एसआईआर अभियान को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में भाजपा महानगर के सात मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गणना प्रपत्र भरवाने के काम को गंभीरता से करें और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग देश के लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं, वही एसआईआर अभियान को लेकर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब ये लोग जीतते हैं तो उसे अपना पुरुषार्थ बताते हैं और हारने पर ईवीएम को दोष देते हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों का यही रवैया रहा है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि लोकतंत्र मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा, लेकिन विपक्षी दल नहीं चाहते कि लोकतंत्र सशक्त बने।

मुख्यमंत्री ने एसआईआर अभियान को एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में सभी का योगदान जरूरी है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को प्रारूप 6, 7 और 8 से संबंधित सामग्री भी उपलब्ध कराई।

बैठक को सांसद रवि किशन शुक्ल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की विषय प्रस्तावना, स्वागत भाषण और आभार ज्ञापन महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने किया, जबकि संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया।

इस अवसर पर विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजितांशु सिंह ‘आशु’, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, महानगर महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, इंद्रमणि उपाध्याय सहित राप्ती नगर, मालवीय नगर, दीनदयाल नगर, गोरक्ष नगर, आर्य नगर, बिस्मिल नगर और गीता नगर मंडलों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।