{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वंदे मातरम् पर अखिलेश यादव के बयान पर CM Yogi का पलटवार, बोले- इन चेहरों को पहचानो. जो...

 

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के स्कूलों में वंदे मातरम् गाने को लेकर उठे विरोध पर करारा जवाब दिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के तंज के बाद सीएम योगी ने मंगलवार को पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी।

वंदे मातरम् का विरोध करने वाले भारत माता के विरोधी

बाराबंकी में आयोजित एक जनसभा में सीएम योगी ने कहा, जो भी वंदे मातरम् का विरोध कर रहा है, वह भारत माता का विरोध कर रहा है। ऐसे चेहरों को पहचानो जो सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पहली पंक्ति में खड़े रहते हैं, लेकिन जब देशभक्ति के प्रतीक वंदे मातरम् की बात आती है, तो कहते हैं कि हम नहीं गाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा, आज भी कुछ लोग हिंदुस्तान में रहते हैं, हिंदुस्तान का खाते हैं, लेकिन वंदे मातरम् नहीं गाते। हमें उनकी मंशा को समझना चाहिए। जो भारत माता की जय नहीं बोल सकता, वह इस देश की एकता और सम्मान के खिलाफ है।

बाराबंकी को ₹1,734 करोड़ की सौगात

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने ₹1,734 करोड़ की लागत से बनने वाली विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

सीएम ने कहा, बाराबंकी के प्रगतिशील किसानों को मैं अभिनंदन करता हूं। हम रामसनेही घाट के पास 232 एकड़ भूमि में एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने जा रहे हैं, जिससे जिले में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।”

देश सर्वोपरि है

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में देशभक्ति की भावना पर जोर देते हुए कहा, हम जिएंगे तो देश के लिए, मरेंगे तो देश के लिए और हमारा हर योगदान राष्ट्र के नाम होगा। राष्ट्रीय सुरक्षा और एकता के मार्ग में किसी की व्यक्तिगत दुश्मनी या मित्रता आड़े नहीं आनी चाहिए।