{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कोहरे और ठंड को लेकर CM योगी का सख्त निर्देश, बोले- खुले में कोई न सोए, रैन बसेरों में हो पूरी सुविधा

 

लखनऊ। प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर के बीच बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक बल और नगर निकायों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि सड़कों, गलियों, हाईवे से लेकर एक्सप्रेस-वे तक सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रहें। खराब विजिबिलिटी के मद्देनजर एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने और 24x7 क्रेन व एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से चालकों को कोहरे की चेतावनी देने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।

दुर्घटनाओं की आशंका, व्यवस्थाएं मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्ट्रीट लाइटिंग, रिफ्लेक्टर, नियमित पेट्रोलिंग और आपात सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित की जाए। एनएचएआई और स्टेट हाईवे अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय कर यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खुले में कोई न सोए, रैन बसेरों में पूरी सुविधा

ठंड और शीतलहर को देखते हुए सीएम योगी ने सख्ती से कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ न मिले। निराश्रितों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, जहां हीटर, अलाव और कंबल की पर्याप्त व्यवस्था हो। साथ ही गोशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए भी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

धुंध और कोहरे में सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रैवल गाइडलाइन

  • वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें

  • फॉग लाइट का प्रयोग करें, हेडलाइट लो-बीम पर रखें

  • इमरजेंसी इंडिकेटर चालू रखें

  • आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें

  • एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन न बदलें

  • ओवरटेकिंग से बचें

  • कोहरा बहुत घना हो तो यात्रा टालें

  • वाहन के पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवाएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ये गाइडलाइन जमीन पर सख्ती से लागू हों, ताकि ठंड और कोहरे के बीच प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।