{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कानून-व्यवस्था पर CM की बैठक: नवरात्र में शक्तिपीठों पर विशेष व्यवस्था, नई परंपरा की अनुमति नहीं

 

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व-त्योहारों और पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों तथा किसी भी प्रकार की समाज-विरोधी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14-15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर के मद्देनजर प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे।

नई परंपरा की अनुमति नहीं

सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी आयोजन से आम जनता को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

एसआई भर्ती परीक्षा के लिए विशेष तैयारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें करीब 15.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों से आने की संभावना को देखते हुए उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने और जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।

सीएम ने यह भी कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ इंटेलिजेंस तंत्र को भी सक्रिय रखा जाए।

हर परीक्षा केंद्र पर PRV-112 की तैनाती

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की गाड़ी अनिवार्य रूप से तैनात रहे। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी का तुरंत खंडन किया जा सके।

नवरात्र में शक्तिपीठों पर विशेष व्यवस्था

चैत्र नवरात्र के दौरान देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुंभरी देवी (सहारनपुर), मां विंध्यवासिनी धाम (मीरजापुर) और ललिता देवी मंदिर (सीतापुर) जैसे प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन स्थानों पर सुगम दर्शन, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाए।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य

बैठक में मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्रदेश में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।