{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश के बाद मेदांता पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक, झुलसी विधायक का जाना हाल

 

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मंगलवार को अचानक मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना। वहीं अखिलेश यादव के जाने के बाद यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई भाजपा नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर विधायक का हाल जाना।

यूपी सरकार के दोनों डिप्टी सीएम ने विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना। ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी।उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ अस्पताल जाकर उन्होंने स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही प्रभु श्रीराम से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इससे पहले मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी अस्पताल पहुंचे थे।

सोशल मीडिया पर शेयर किया शेर

अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, उनका जो फर्ज है, वो अहल-ए-सियासत जानें, मेरा पैगाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे।

उनके इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई।

पुतला दहन के दौरान झुलसी थी विधायक

दरअसल, 25 अप्रैल को बहराइच में भाजपा कार्यकर्ता नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन कर रही थीं।

पुतले में आग लगाते समय अचानक लपटें उनके चेहरे तक पहुंच गईं, जिससे वह झुलस गईं। बाद में उन्हें इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

राजनीति अपनी जगह, मानवीय संबंध अपनी जगह

अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में नफरत नहीं बल्कि सौहार्द होना चाहिए। उन्होंने कहा, हम नहीं चाहते कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं कि समाज में सौहार्द की फुहार हो। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह।

सपा मीडिया सेल ने साधा निशाना

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। सपा की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी विधायक से मिलने जाना चाहिए था।