यूपी के 14 जिलों में बदले जिला पंचायत राज अधिकारी, जानिए किस अधिकारी को कहां मिली तैनाती
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज विभाग में 14 जिला पंचायत राज अधिकारियों (DPRO) के तबादले कर दिए हैं। सोमवार देर रात इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों के तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। शासन ने संबंधित अधिकारियों को बिना देरी किए नई तैनाती वाले जिलों में कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा सुल्तानपुर में नियमित जिला पंचायत राज अधिकारी की नियुक्ति होने तक अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
पंचायतीराज विभाग के विशेष सचिव राजेश कुमार त्यागी की ओर से जारी आदेश के अनुसार अभिषेक शुक्ला को सुल्तानपुर से बाराबंकी भेजा गया है। आलोक कुमार प्रियदर्शी को कुशीनगर से कानपुर देहात और अशोक कुमार को प्रतीक्षारत से सोनभद्र में तैनाती दी गई है।
इसी तरह राम अयोध्या प्रसाद को जालौन से भदोही और मनीष कुमार को आगरा से मेरठ भेजा गया है।
इन जिलों में भी बदले गए DPRO
तबादला सूची के मुताबिक मनोज कुमार त्यागी को अमेठी से बस्ती, नमिता शरण को सोनभद्र से मऊ और राम शंकर वर्मा को फतेहपुर से शामली भेजा गया है।
वहीं संदीप अग्रवाल को शामली से बलरामपुर और संजय कुमार मिश्र को भदोही से मैनपुरी में नई जिम्मेदारी दी गई है।
हापुड़, सिद्धार्थनगर और कानपुर देहात के अधिकारी भी बदले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत शिव बिहारी शुक्ला को हापुड़ से जालौन, वाचस्पति झा को सिद्धार्थनगर से अमेठी और विकास पटेल को कानपुर देहात से आगरा भेजा गया है। इसके अलावा वीरेंद्र सिंह को मेरठ से रायबरेली में जिला पंचायत राज अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुल्तानपुर में मनोज कुमार यादव संभालेंगे अतिरिक्त जिम्मेदारी
सुल्तानपुर में नियमित जिला पंचायत राज अधिकारी की तैनाती होने तक अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव डीपीआरओ के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। शासनादेश के अनुसार उन्हें यह जिम्मेदारी अतिरिक्त रूप से दी गई है। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त वेतन, भत्ता या अन्य सेवा संबंधी लाभ नहीं मिलेगा।
शासन की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती वाले जिलों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।