{"vars":{"id": "130921:5012"}}

घबराइएमत,समाधानहोगा!गोरखपुरजनतादर्शनमेंCMयोगीनेदिलायाभरोसा, 200फरियादियों कीसुनीसमस्याएं

 

Lucknow/Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए आश्वस्त किया कि “घबराइए मत, हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।”

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता के साथ, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। उन्होंने प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतोषजनक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद और कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा। वहीं, मकान जलाए जाने जैसी गंभीर शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इलाज में धन की कमी नहीं बनेगी बाधा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इलाज में पैसों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से संबंधित इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
गोसेवा और मंदिर दर्शन
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर उन्होंने गोसेवा की और गायों को गुड़-रोटी खिलाई। इस दौरान उन्होंने मोर को भी दुलार किया।
मुख्यमंत्री के इस जनसंवाद और संवेदनशील रवैये से फरियादियों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला।