{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में ठंड का डबल अटैक! अकवान चक्रवात से बदलेगा मौसम, काशी समेत पूर्वांचल में बढ़ेगी ठिठुरन

 

वाराणसी। पूर्वांचल में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अकवान चक्रवात के प्रभाव से पूर्वांचल के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम के जानकारों के मुताबिक, अगले 24 घंटों में चक्रवाती बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इसके चलते ठंडी हवाओं, गलन और कोहरे का असर तेज होने की संभावना है।

दरअसल, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव अब दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसका असर फिलहाल ओडिशा और झारखंड के आसपास देखा जा रहा है। हवाओं का रुख पछुआ होने के कारण चक्रवात का सीधा प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना कम है, लेकिन पूर्वांचल के मौसम पर इसका असर पड़ सकता है।

अगले 24 घंटे में बदल सकता है मौसम

चक्रवाती गतिविधियों के कारण आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है। वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह और रात के समय कोहरा भी अधिक प्रभावी हो सकता है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से ठंड और गलन बढ़ने के आसार हैं। मौसम में यह बदलाव आने वाले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।

वाराणसी में सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान

बीते 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो वाराणसी में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है और सामान्य से 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया।

इस दौरान वातावरण में नमी भी बनी रही। न्यूनतम आर्द्रता 69 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई।

पूरे सप्ताह कोहरे का असर रहने की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही पूरे सप्ताह सुबह के समय कोहरे की सक्रियता बने रहने के आसार हैं। ऐसे में खासकर सुबह और देर रात घर से निकलने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल चक्रवाती गतिविधियों और बदलती हवाओं के बीच पूर्वांचल में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।